गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हादसा, कैंटर से टकराई पुलिस की कार; दारोगा की मौत

Share This

गाजियाबाद: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में अलीगढ़ पुलिस के एक दारोगा की मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मियों समेत चार लोग घायल हो गए। हादसा गाजियाबाद के लालकुआं के पास कोतवाली क्षेत्र में बीकानेर बिल्डिंग के सामने हुआ। पुलिस टीम दिल्ली से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर अलीगढ़ लौट रही थी। इसी दौरान उनकी स्विफ्ट कार एक कैंटर से जा टकराई।

हादसे में कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। उपचार के दौरान मडराक थाने में तैनात उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।

दबिश के लिए गए थे पुलिसकर्मी

पुलिस के मुताबिक, अलीगढ़ के मडराक थाने की टीम दिल्ली में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए गई थी। टीम में उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह के अलावा हेड कांस्टेबल नरेंद्र और रिक्रूट कांस्टेबल ऋतिक शामिल थे। टीम ने दबिश देकर सत्येंद्र पुत्र जोगेंद्र और उसके बेटे आशु को गिरफ्तार किया था। दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस टीम कार से दिल्ली से मेरठ की तरफ होते हुए अलीगढ़ लौट रही थी।

बताया गया कि कोतवाली क्षेत्र में बीकानेर बिल्डिंग के सामने एक्सप्रेसवे पर पहुंचते ही पुलिस की स्विफ्ट कार आगे चल रहे कैंटर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार सभी लोग घायल हो गए।

घायल अस्पताल में भर्ती

हादसे के बाद हेड कांस्टेबल नरेंद्र, रिक्रूट कांस्टेबल ऋतिक और दोनों गिरफ्तार आरोपितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, मृतक दारोगा उपेंद्र सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *