प्रतापगढ़। जिले के अंतू थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। चिलबिला-अमेठी राजमार्ग पर एक अज्ञात डंपर ने बाइक सवार पुलिस उपनिरीक्षक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर समेत फरार हो गया और क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
ये है मामला
मिली जानकारी के अनुसार मृतक उपनिरीक्षक महानंद तिवारी (55) मूल रूप से चित्रकूट जिले के निवासी थे और प्रतापगढ़ महिला थाने में तैनात थे। बताया गया कि वे रविवार को किसी मामले की विवेचना के सिलसिले में थाना अंतू की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे लोहंगपुर गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने अनियंत्रित होकर उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तिवारी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
हादसे की सूचना राहगीरों द्वारा स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही अंतू थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। उपनिरीक्षक का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों ने मृतक पुलिसकर्मी के परिजनों को दुर्घटना की जानकारी देते हुए संवेदना प्रकट की।
नगर के पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रशांत राज ने पुष्टि करते हुए बताया कि घटना के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से भाग गया है। आरोपी चालाक की पहचान और वाहन का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संबंधित थानों को भी सतर्क कर दिया गया है ताकि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके।
विभाग में शोक की लहर
पुलिस विभाग में इस घटना से शोक की लहर है। सहकर्मियों ने बताया कि तिवारी अपने कार्य के प्रति बेहद समर्पित और शांत स्वभाव के अधिकारी थे। उनकी आकस्मिक मौत से विभाग को बड़ी क्षति हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के हर बिंदु पर तेजी से कार्रवाई की जा रही है और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।