सहारनपुर: श्रावण शिवरात्रि पर एसएसपी ने संभाली सुरक्षा की कमान, भूतेश्वर मंदिर पहुंचकर लिया जायजा

Share This

सहारनपुर। श्रावण शिवरात्रि के मौके पर मंगलवार को शहर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह करीब चार बजे से ही प्रमुख मंदिरों में जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया। इसी बीच हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे डाक कांवड़ियों की संख्या भी बढ़ती रही। भीड़ और कांवड़ियों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा।

एसएसपी उतरे फील्ड पर

सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए एसएसपी अभिनंदन खुद मैदान में उतरे। उन्होंने थाना मंडी क्षेत्र स्थित श्री भूतेश्वर मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसएसपी ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन और आसपास के यातायात की स्थिति को देखा। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने अधिकारियों से सुरक्षा इंतजामों की जानकारी लेने के साथ यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

श्रावण शिवरात्रि को लेकर जिले के प्रमुख शिवालयों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मंदिरों के आसपास पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है, जबकि पब्लिक एड्रेस सिस्टम से भीड़ को जरूरी निर्देश दिए जा रहे हैं। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है।

कई टीमें सक्रिय

महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की टीमें भी सक्रिय हैं। टप्पेबाजी, चेन स्नैचिंग और अन्य घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है। एंटी रोमियो स्क्वाड समेत अन्य टीमों को भी जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं, हरिद्वार से लौट रहे डाक कांवड़ियों की तेज आवाजाही को लेकर कांवड़ मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस पिकेट और कांवड़ चौकियां सक्रिय हैं। एसएसपी अभिनंदन ने कहा कि शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिसकर्मी लगातार फील्ड में तैनात हैं और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *