संभल। कांवड़ यात्रा के दौरान संभल में एक अनोखी कांवड़ चर्चा का विषय बनी हुई है। बृजघाट से 41 लीटर गंगाजल लेकर पहुंचे शिवभक्तों ने अपनी कांवड़ को भगवान शिव की तस्वीर के साथ संभल के एसपी IPS कृष्ण कुमार बिश्नोई की तस्वीर से भी सजाया था। जत्था जैसे ही संभल पहुंचा, कांवड़ियों ने हर हर महादेव के साथ एसपी केके बिश्नोई के समर्थन में भी नारे लगाए।
सीएम के साथ लगी थी एसपी की तस्वीर
हयातनगर थाना क्षेत्र के निखिल प्रजापति समेत शिवभक्तों का यह जत्था बृजघाट से गंगाजल लेकर संभल पहुंचा। कांवड़ पर भगवान भोलेनाथ के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और एसपी केके बिश्नोई की तस्वीरें लगी थीं। कांवड़ियों का कहना है कि दोनों के काम से प्रभावित होकर उन्होंने यह तस्वीरें कांवड़ पर लगाईं।
कांवड़ियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है, जबकि एसपी केके बिश्नोई ने संभल में अपराध और गुंडागर्दी के खिलाफ कार्रवाई की है। इसी वजह से उन्होंने एसपी के प्रति सम्मान जताने के लिए उनकी तस्वीर कांवड़ पर लगाने का फैसला किया।
इस अनोखी कांवड़ की चर्चा पुलिस अधिकारियों तक भी पहुंची। इसके बाद एसपी केके बिश्नोई कांवड़ियों से मिलने पहुंचे। बातचीत के दौरान कांवड़ियों ने उनके काम की तारीफ की और अपनी कांवड़ के बारे में जानकारी दी।
मुस्लिम युवकों ने भी बरसाए फूल
संभल पहुंचने के दौरान इस कांवड़ ने एक और वजह से लोगों का ध्यान खींचा। चौधरी सराय पुलिस चौकी के सामने मुस्लिम युवकों ने कांवड़ियों के जत्थे का फूल बरसाकर स्वागत किया। इससे यात्रा के दौरान आपसी सौहार्द की तस्वीर भी सामने आई।
कांवड़ियों ने बताया कि बृजघाट से लाया गया 41 लीटर गंगाजल शिवरात्रि के अवसर पर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक में इस्तेमाल किया जाएगा। यात्रा के दौरान जहां शिवभक्तों के जयकारे गूंजते रहे, वहीं एसपी की तस्वीर वाली इस कांवड़ को देखने के लिए भी लोगों में खास उत्सुकता नजर आई।