Basti: सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला वाल्टरगंज थानेदार का शव, मोबाइल स्टेटस की भी जांच

Share This

 

बस्ती। वाल्टरगंज थाने के प्रभारी सूर्य प्रकाश सिंह की शनिवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव कलेक्ट्रेट के पास स्थित सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होने पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। डीआईजी संजीव त्यागी और एसपी डॉ. यशवीर सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

ये है मामला 

पुलिस के अनुसार, सूर्य प्रकाश सिंह दोपहर करीब एक बजे अपने साथियों के साथ सरकारी आवास पहुंचे थे। कुछ देर बाद साथी पुलिसकर्मी वहां से चले गए। शाम करीब पौने सात बजे दरोगा बलराम गौड़ उन्हें देखने के लिए आवास पहुंचे। कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। दरवाजा खुलवाने की कोशिश नाकाम होने पर उसे तोड़ा गया। अंदर सूर्य प्रकाश सिंह पंखे से गमछे के सहारे लटके मिले। उस समय उन्होंने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल को सुरक्षित कराया। फोरेंसिक और सर्विलांस टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने उनका मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक घटनास्थल से कोई लिखित सुसाइड नोट नहीं मिला है।

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि घटना से पहले सूर्य प्रकाश सिंह ने अपने मोबाइल पर एक स्टेटस लगाया था। इसमें उन्होंने लिखा था कि धन-संपत्ति जरूरी है, लेकिन शांति और प्रेम से बढ़कर नहीं। पुलिस इस स्टेटस समेत अन्य परिस्थितियों की भी पड़ताल कर रही है।

चार साल बाद होते रिटायर

सूर्य प्रकाश सिंह आजमगढ़ के रहने वाले थे। वह करीब चार साल बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं। सिद्धार्थनगर से तबादले के बाद उन्हें बस्ती पुलिस लाइन में तैनाती मिली थी। 18 अप्रैल 2026 को उन्हें वाल्टरगंज थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों का इंतजार किया जा रहा है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *