विदाई में भावुक हुए DM-SP, रो पड़े दोनों अफसर; 2 मिनट तक हॉल में पसरा रहा सन्नाटा

Share This

 

संभल में शनिवार को IPS कृष्ण कुमार बिश्नोई के विदाई समारोह का माहौल उस वक्त बेहद भावुक हो गया, जब साथी पुलिसकर्मियों को छोड़कर जाने की बात कहते-कहते वह रो पड़े। बहजोई पुलिस लाइन के कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित समारोह में बगल में बैठे डीएम अंकित खंडेलवाल ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान डीएम भी अपने आंसू नहीं रोक सके। दोनों अफसरों को भावुक देख करीब दो मिनट तक पूरे हॉल में सन्नाटा पसरा रहा।

काफी देर बाद एसपी बिश्नोई ने अपने आंसू पोंछे और पानी पिया। इसके बाद हॉल में मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाया। करीब तीन घंटे चले विदाई समारोह में पुलिस अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया।

710 दिन का कार्यकाल किया पूरा

दरअसल, IPS कृष्ण कुमार बिश्नोई का 20 अगस्त को संभल से बिजनौर जिले में तबादला हो गया है। उन्होंने संभल एसपी के रूप में करीब 710 दिन का कार्यकाल पूरा किया। विदाई समारोह में उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले अनुभवों और साथी पुलिसकर्मियों के सहयोग को याद किया।

केके बिश्नोई ने 24 नवंबर 2024 को हुई संभल हिंसा का भी जिक्र किया। उन्होंने सीओ संभल कुलदीप कुमार की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि घटना के दौरान पुलिस और प्रशासन ने कंधे से कंधा मिलाकर परिस्थितियों का सामना किया। उन्होंने मुकदमों की लिखा-पढ़ी, एसआईटी के नेतृत्व और साक्ष्य जुटाने में योगदान के लिए सीओ को धन्यवाद दिया।

इन मामलों की दी जानकारी

एसपी ने कहा कि संभल हिंसा से जुड़े 284 मामले हाईकोर्ट में निस्तारित हो चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि पुलिस के खिलाफ कोई प्रतिकूल आदेश नहीं आया और पुलिसकर्मियों ने चोट लगने के बावजूद पूरी जिम्मेदारी से काम किया।

विदाई के दौरान जब बिश्नोई साथी पुलिसकर्मियों से अलग होने की बात पर भावुक हुए, तो डीएम का भी रो पड़ना समारोह का सबसे भावुक पल बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *