उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पुलिस विभाग में 19,220 सिपाही पदों पर सीधी भर्ती करने जा रही है। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने इसकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं।
सूत्रों के अनुसार, परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी का चयन कर लिया गया है और अब शासन से अंतिम अनुमति ली जा रही है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो मई के पहले सप्ताह में भर्ती की विज्ञप्ति जारी कर दी जाएगी और साथ ही ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
कुछ समय पहले हुआ था ऐलान
बता दें कि कुछ समय पहले योगी सरकार ने 60,244 सिपाही पदों पर भर्ती निकाली थी। अब 19,220 पदों पर भर्ती निकालना सरकार के पुलिस बल को और मजबूत बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम माना जा रहा है।
इस भर्ती के तहत विभिन्न विभागों में पद विभाजित किए गए हैं:
PAC में 9837 पद
विशेष सुरक्षा बल (SPF) में 1341 पद
PAC महिला वाहिनी (लखनऊ, गोरखपुर और बदायूं) के लिए 2282 पद
नागरिक पुलिस में 3245 पद
सशस्त्र पुलिस (PAC) में 2444 पद
घुड़सवार पुलिस में 71 पद
ऑनलाइन मांगे जाएंगे आवेदन
विज्ञप्ति जारी होने के बाद ऑनलाइन आवेदन मांगे जाएंगे, जिसके पश्चात लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और तेजी से पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
योगी सरकार का यह फैसला राज्य में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा युवाओं को रोजगार का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।