गोरखपुर के प्रमुख पर्यटन स्थल रामगढ़ताल की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। हाल ही में एक किशोरी की डूबने से हुई मौत के बाद प्रशासन ने सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की और अब पूरे क्षेत्र के लिए नई कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत ताल क्षेत्र में हर एक किलोमीटर पर दो-दो पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जो लगातार गश्त कर पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।
अफसरों ने लिया फैसला
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रामगढ़ताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक, मॉर्निंग वॉकर और स्थानीय लोग पहुंचते हैं। नौकायन, क्रूज, रेस्टोरेंट और अन्य मनोरंजक गतिविधियों के चलते यह शहर के सबसे व्यस्त पर्यटन स्थलों में शामिल है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने का निर्णय लिया गया है।
नई व्यवस्था के तहत पैडलेगंज से नौकायन और आरकेबीके से पैडलेगंज तक करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती रहेगी। उनकी जिम्मेदारी होगी कि कोई भी व्यक्ति रेलिंग पार कर ताल के किनारे न पहुंचे और किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न बने।
इसके अलावा पूरे रामगढ़ताल क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरों की निगरानी पैडलेगंज और नौकायन चौकी से की जाएगी, जिससे संदिग्ध गतिविधियों और सुरक्षा संबंधी घटनाओं पर तत्काल नजर रखी जा सके।
पुलिसकर्मियों की संख्या भी बढ़ेगी
पुलिस ने क्षेत्र में तैनात पीआरवी वाहनों की संख्या भी बढ़ाने का फैसला लिया है। अभी जहां दो पीआरवी वाहन तैनात रहते हैं, वहीं अब उनकी संख्या बढ़ाकर चार की जाएगी। साथ ही ताल क्षेत्र में होने वाली संभावित दुर्घटनाओं से निपटने के लिए जल पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी। यहां प्रशिक्षित कर्मियों के साथ बचाव उपकरण भी उपलब्ध रहेंगे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी प्रस्तावित व्यवस्थाओं को जल्द लागू किया जाएगा, ताकि रामगढ़ताल आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।