उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को लेकर प्रतापगढ़ प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। परीक्षा शुरू होने से एक दिन पहले पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और परीक्षा संचालन से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा कर अंतिम तैयारियों को परखा। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिले में बनें 17 केंद्र
जिले में भर्ती परीक्षा के लिए 17 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां 8 जून से 10 जून तक दो-दो पालियों में परीक्षा कराई जाएगी। हर पाली में हजारों अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को कई स्तरों पर मजबूत किया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, जबकि संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रयागराज रेंज के आईजी अजय कुमार मिश्रा ने अधिकारियों के साथ तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है और परीक्षा से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नकल माफिया और सॉल्वर गैंग पर नजर रखने के लिए विशेष टीमें सक्रिय की हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की भी निगरानी की जाएगी ताकि भ्रामक सूचनाओं या पेपर लीक जैसी अफवाहों को फैलने से रोका जा सके।
पुलिस ने की हर व्यवस्था
अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को भी परीक्षा योजना का अहम हिस्सा बताया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास जाम की स्थिति न बने, इसके लिए अलग से ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। प्रशासन का दावा है कि अभ्यर्थियों को सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।