आगरा में पुलिसकर्मियों द्वारा वर्दी में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का मामला अब सख्ती के घेरे में आ गया है। कमिश्नरेट क्षेत्र में तैनात कुछ इंस्पेक्टर, दारोगा और सिपाहियों द्वारा लगातार इंटरनेट मीडिया पर वीडियो शेयर किए जाने के बाद पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।
मुख्यालय ने जारी किए थे निर्देश
मुख्यालय की ओर से पहले ही इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने और पुलिस इंटरनेट मीडिया नीति का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए थे। इसी क्रम में शनिवार को डीसीपी हेडक्वार्टर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में तैनात सात पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। इन पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने वर्दी में वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड किया, जो विभागीय नियमों के खिलाफ माना गया है।
लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों में बाह थाने के दारोगा अरविंद सिंह राठौर, महिला दारोगा स्वाती चौधरी और पर्यटन थाने के दारोगा दीपक चौधरी शामिल हैं। इसके अलावा एत्माद्दौला थाने के दारोगा रोहित सोनकर और प्रदीप कुमार, न्यू आगरा थाने के दारोगा हिमांशु पांडेय, खैरागढ़ थाने की महिला दारोगा रानू भाटी तथा फतेहाबाद थाने की मुख्य आरक्षी सुमन यादव का नाम भी शामिल है।
विभाग में मची हलचल
पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के बाद कई पुलिसकर्मियों ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से पहले से अपलोड किए गए वीडियो हटा दिए। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में इंटरनेट मीडिया नियमों का उल्लंघन करने पर और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।