महराजगंज : रील बनाना पड़ा महंगा, सोशल मीडिया पॉलिसी के उल्लंघन में पुलिसकर्मी निलंबित

Share This

महराजगंज में सोशल मीडिया पर रील पोस्ट करने के मामले में पुलिस विभाग ने एक पुलिसकर्मी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में संबंधित पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच भी शुरू कर दी गई है।

ये था मामला

जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो और पोस्ट तेजी से वायरल हो रही थी। मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद इसकी जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि वीडियो में दिखाई दे रहा पुलिसकर्मी विभाग द्वारा निर्धारित सोशल मीडिया दिशा-निर्देशों का पालन नहीं कर रहा था। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए विभाग ने कार्रवाई का फैसला लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी सेवा में रहते हुए सोशल मीडिया का उपयोग निर्धारित नियमों के तहत ही किया जा सकता है। विशेष रूप से वर्दी में या विभाग की छवि से जुड़े किसी भी कंटेंट को साझा करने से पहले नियमों का पालन करना अनिवार्य है।

मामले की आगे की जांच के लिए क्षेत्राधिकारी निचलौल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच के दौरान वीडियो की परिस्थितियों, पोस्ट की प्रकृति और अन्य संबंधित तथ्यों की गहन पड़ताल की जाएगी। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई तय होगी।

एसपी ने कहा ये

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि विभाग में अनुशासन और आचार संहिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को सोशल मीडिया पॉलिसी का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी यदि कोई कर्मचारी नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *