पीलीभीत पुलिस ने मुठभेड़ में 1 लाख 75 हजार रुपये के इनामी बदमाश को किया ढेर, व्यापारी हत्याकांड का मुख्य शूटर था आरोपी

Share This

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में पुलिस और एसओजी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड के मुख्य आरोपी और इनामी शूटर सरबजीत सिंह को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। यह कार्रवाई बिलसंडा थाना क्षेत्र के शीतपुर गांव के पास देर रात की गई, जहां पुलिस और बदमाश के बीच जोरदार गोलीबारी हुई।

फायरिंग में हुआ घायल

मुठभेड़ के दौरान बदमाश सरबजीत सिंह ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस दौरान थाना बिलसंडा प्रभारी जगदीप मलिक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, लेकिन जैकेट की वजह से वे सुरक्षित बच गए। वहीं एसओजी टीम के एक दरोगा और एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जवाबी फायरिंग में बदमाश सरबजीत सिंह के सीने में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से हथियार, कारतूस और अन्य सामान भी बरामद किया है।

कहां का रहने वाला था बदमाश

मृतक आरोपी सरबजीत सिंह लखीमपुर खीरी जिले के उचौलिया थाना क्षेत्र का रहने वाला था और उस पर पीलीभीत पुलिस, डीआईजी और एडीजी स्तर से कुल 1 लाख 75 हजार रुपये  का इनाम घोषित था। वह 28 मई को हुए व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड का मुख्य शूटर बताया जा रहा है।

घटना के संबंध में एसपी पीलीभीत सुकीर्ति माधव मिश्रा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को घेर लिया था। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में पहले ही 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मुठभेड़ में घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *