यूपी पुलिस को मिलेगी बड़ी ताकत: 57 हजार सिपाही तैयार, इस हफ्ते पासिंग आउट परेड

Share This

उत्तर प्रदेश पुलिस बल को इस सप्ताह बड़ी मजबूती मिलने जा रही है, क्योंकि लगभग 57 हजार नए सिपाहियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। नौ महीने तक चले इस आधारभूत प्रशिक्षण के बाद अब इनकी पासिंग आउट परेड आयोजित की जाएगी। मुख्य समारोह राजधानी में होगा, जहां सीएम की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न होगा, जबकि अन्य प्रशिक्षुओं की परेड उनके-अपने प्रशिक्षण केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

57 अभ्यर्थियों ने प्राप्त किया प्रशिक्षण

दरअसल, नागरिक पुलिस के 60,244 पदों पर भर्ती के बाद करीब 57 हजार अभ्यर्थियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिनमें 12 हजार से अधिक महिलाएं शामिल हैं। यह राज्य पुलिस के इतिहास में एक बड़ी भर्ती मानी जा रही है। इन सभी अभ्यर्थियों को प्रदेश के 112 प्रशिक्षण केंद्रों में तैयार किया गया है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अब इन्हें विभिन्न जिलों में तैनात किया जाएगा, जहां ये कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में अहम भूमिका निभाएंगे।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष 15 जून को लखनऊ के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह और सीएम योगी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए थे। इसके बाद जुलाई से उनका प्रशिक्षण शुरू हुआ था। इतनी बड़ी संख्या में सिपाहियों की नियुक्ति से पुलिस बल की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

सही से होगी जांच

इसके अलावा, उपनिरीक्षक और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए शारीरिक मानक परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन (डीवी-पीएसटी) की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने इसकी रूपरेखा अपनी वेबसाइट पर जारी कर दी है। बोर्ड द्वारा गठित समिति अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच करेगी और परीक्षा का परिणाम उसी दिन घोषित किया जाएगा। असफल अभ्यर्थियों को दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *