9.77 लाख की आय, 86 लाख का खर्च: मुरादाबाद के सिपाही पर आय से अधिक संपत्ति का केस

Share This

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सिपाही पर आय से कई गुना अधिक खर्च करने का मामला सामने आया है। बरेली निवासी और वर्तमान में मुरादाबाद में तैनात सिपाही महेंद्र पाल सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जांच में हुआ खुलासा

जांच में खुलासा हुआ कि वर्ष 2010 से 2020 के बीच सिपाही की कुल वैध आय 9,77,897 रुपये थी, जबकि उसी अवधि में उसने 86,64,506 रुपये खर्च किए। यह खर्च उसकी आय से करीब 76.86 लाख रुपये अधिक है, जो लगभग नौ गुना बैठता है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन की जांच में सामने आया कि सिपाही ने यह राशि पारिवारिक खर्च, जमीन/प्लॉट खरीदने और वाहन खरीदने में खर्च की। आय और व्यय के बीच इतना बड़ा अंतर मिलने के बाद मामले को गंभीर मानते हुए कार्रवाई की गई।

थाना प्रभारी ने दी जानकारी 

इस प्रकरण की शिकायत पुलिस उपमहानिरीक्षक (लोक शिकायत) और भ्रष्टाचार निवारण संगठन, लखनऊ तक पहुंची थी। आदेश मिलने के बाद जांच शुरू हुई और साक्ष्यों के आधार पर केस दर्ज किया गया।

एंटी करप्शन थाना प्रभारी नवह मारवाह के अनुसार, आरोपी सिपाही के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और अब विस्तृत विवेचना जारी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *