शादी समारोहों में पुलिस की मौजूदगी अनिवार्य, गोरखपुर में एसएसपी का नया आदेश

Share This

 

शादी के मौसम में जहां एक ओर खुशियों और जश्न का माहौल रहता है, वहीं दूसरी ओर बढ़ती घटनाओं ने प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है। इसी को देखते हुए गोरखपुर पुलिस ने एक अनोखी पहल शुरू की है। अब जिले में होने वाले शादी समारोहों में बीट पुलिस अधिकारी खुद शामिल होंगे और कुछ समय वहीं मौजूद रहकर निगरानी करेंगे।

एसएसपी ने दिए निर्देश 

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर जारी इस व्यवस्था के तहत पुलिसकर्मी सिर्फ औपचारिक दौरा नहीं करेंगे, बल्कि आयोजन स्थल पर रुककर माहौल पर नजर रखेंगे। इस जिम्मेदारी को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए संबंधित सीओ को भी निर्देश दिए गए हैं।

दरअसल, पिछले कुछ समय में शादी समारोहों के दौरान कई विवाद सामने आए हैं। कौड़ीराम क्षेत्र में हर्ष फायरिंग के दौरान एक व्यक्ति की जान चली गई थी, जबकि शाहपुर इलाके में डीजे पर पसंदीदा गाना न बजने को लेकर जमकर मारपीट हुई थी। ऐसी घटनाओं ने पुलिस को नई रणनीति बनाने पर मजबूर किया है।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि अक्सर छोटे-छोटे विवाद शादी के अंदर ही बढ़ जाते हैं, जो बाद में गंभीर रूप ले लेते हैं। अगर मौके पर पुलिस मौजूद रहेगी तो ऐसे मामलों को तुरंत नियंत्रित किया जा सकेगा। साथ ही हर्ष फायरिंग, असलहा प्रदर्शन और अन्य अवैध गतिविधियों पर भी प्रभावी रोक लगेगी।

डीजे की सीमा भी निर्धारित 

इसके अलावा पुलिसकर्मी डीजे की आवाज को निर्धारित सीमा में रखने और आयोजकों को नियमों के प्रति जागरूक करने का काम भी करेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस पहल से न सिर्फ अपराधों पर अंकुश लगेगा, बल्कि शादी समारोहों में सुरक्षा का माहौल भी मजबूत होगा। भीड़-भाड़ में होने वाली चोरी, छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर भी काफी हद तक रोक लगने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *