उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा पुलिस परिवार के कल्याण के लिए जारी निर्देशों के क्रम में पुलिस आयुक्त, नोएडा लक्ष्मी सिंह ने एक आधुनिक क्रेच (शिशुगृह) का शुभारंभ किया। ये क्रेच विशेष रूप से महिला पुलिसकर्मियों के बच्चों की देखभाल के उद्देश्य से स्थापित किया गया है।
इसलिए किया गया उद्घाटन
इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिला कर्मियों को एक ऐसा सुरक्षित, सहयोगी एवं भरोसेमंद वातावरण प्रदान करना है, जहां वे अपने बच्चों को निश्चिंत होकर छोड़ सकें और अपने पेशेवर कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और आत्मविश्वास के साथ कर सकें।
शिशुगृह में बच्चों की आयु के अनुसार तमाम प्रकार के आधुनिक संसाधन, शैक्षणिक सामग्री, खेल उपकरण एवं मनोरंजन के साधन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा प्रशिक्षित स्टाफ द्वारा बच्चों की देखभाल की जाएगी, जिससे माताओं को मानसिक शांति और सुरक्षा का अनुभव होगा।
महिला पुलिसकर्मियों की चिंता होगी कम
ये नवाचार न केवल महिला पुलिसकर्मियों की पारिवारिक जिम्मेदारियों को कम करेगा, बल्कि उन्हें अपने कार्यस्थल पर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा भी देगा। ये उदाहरण उत्तर प्रदेश पुलिस के उस दृष्टिकोण को दर्शाता है, जो न केवल कर्तव्यनिष्ठा को महत्व देता है, बल्कि परिवार और मानवता को भी समान रूप से महत्व देता है। इस प्रकार, मिशन शक्ति 5.0 के तहत यह प्रयास महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक और प्रशंसनीय पहल के रूप में सामने आया है।