मुजफ्फरनगर में पुलिस की बदमाश से मुठभेड़ हो गई। फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। घायल होते ही वह पुलिसकर्मियों के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगा।
पकड़े गए आरोपी की पहचान मेरठ के बहसूमा इलाके के सैफपुर गांव निवासी परवेज के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक वह रामपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर है। उस पर मुरादाबाद, रामपुर और मुजफ्फरनगर में लूट के 7 केस पहले से दर्ज हैं।
रुड़की रोड पर चेकिंग में हुई मुठभेड़
सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि गुरुवार रात सिविल लाइंस इंस्पेक्टर रघुराज सिंह और एसओजी की टीम रुड़की रोड पर राजयोग फार्म हाउस के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी पल्सर सवार एक युवक आया। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो वह बाइक भगाकर भागा। थोड़ी दूर पर बाइक स्लिप हो गई।
खुद को घिरता देख उसने पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस टीम ने खुद को बचाते हुए जवाबी फायर किया, जिसमें गोली उसके पैर में लगी।
साकेत कॉलोनी में महिला से कुंडल लूटा था
पूछताछ में पता चला कि परवेज ने 7 सितंबर को साकेत कॉलोनी में लूट की थी। मेडिकल स्टोर संचालक की पत्नी और उसकी साली जा रही थीं। तभी आरोपी ने शर्मिष्ठा नाम की महिला के कान से सोने का कुंडल खींच लिया था और फरार हो गया था।
पुलिस ने उसके पास से वही लूटा गया कुंडल, एक देसी तमंचा और बाइक बरामद की है। घायल को अस्पताल भेजा गया है।