मुरादाबाद के SSP सतपाल अंतिल ने पेश की मिसाल, पूरी रात पाइप थामकर बुझाई फैक्ट्री की भीषण आग

Share This

मुरादाबाद के कोतवाली क्षेत्र स्थित सागर सराय में शनिवार देर रात लगी भीषण आग के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सतपाल अंतिल ने अपनी सक्रियता और नेतृत्व से एक अलग मिसाल पेश की। आग की सूचना मिलते ही वह खुद भारी पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरी रात राहत एवं बचाव अभियान की कमान संभाले रहे।

ये है मामला

जानकारी के अनुसार, सागर सराय स्थित मयूर इंटरनेशनल मोमबत्ती फैक्ट्री में देर रात करीब 11:30 बजे अचानक आग लग गई। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में मोम और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटें आसपास के रिहायशी इलाके तक पहुंचने लगीं, जिससे स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर पहुंचे SSP सतपाल अंतिल ने हालात का जायजा लेने के बाद तत्काल पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में कठिनाई हो रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंडल के विभिन्न जिलों से 16 से अधिक फायर और फोम टेंडर बुलाए गए।

एसएसपी उतरे फील्ड पर

राहत अभियान के दौरान SSP सतपाल अंतिल केवल निगरानी तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्होंने खुद दमकलकर्मियों के साथ पाइप संभालकर आग बुझाने के प्रयासों में हिस्सा लिया। उनका यह अंदाज मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और दमकल कर्मियों का हौसला बढ़ाता रहा। साथ ही पुलिस ने आसपास के मकानों को समय रहते खाली करा दिया, जिससे किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।

कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

इस पूरी घटना के दौरान SSP सतपाल अंतिल का जमीनी स्तर पर नेतृत्व चर्चा का विषय बना रहा। स्थानीय लोगों ने भी उनकी तत्परता और राहत कार्य में सक्रिय भागीदारी की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *