मेरठ में गैंगवार रोकने में नाकाम पुलिस पर गिरी गाज, चौकी प्रभारी और बीट सिपाही सस्पेंड

Share This

मेरठ। शताब्दीनगर में दो गुटों के बीच चल रही रंजिश आखिरकार गोलीबारी तक पहुंच गई। कुलदीप कसाना को गोली लगने की घटना के बाद परतापुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार टकराव हो चुका था और पिछले कई दिनों से उनकी गतिविधियां इलाके में जारी थीं। इसके बावजूद पुलिस ने समय रहते कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने इस लापरवाही पर घाट चौकी प्रभारी अजय प्रताप और बीट कांस्टेबल अंकित नागर को निलंबित कर दिया है।

पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप

मामला सोमवार रात का है। गांव कुंडा निवासी कुलदीप अपने साथियों तेजस और बादल के साथ शताब्दीनगर में हिमांशु के घर जा रहा था। रास्ते में इंद्रापुरम की पीर वाली गली में दूसरे गुट के शिवांश उर्फ चिंटू, उसके भाई अक्षय, सागर और निखिल से उनका सामना हो गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद गोलियां चलने लगीं। इस दौरान कुलदीप की पीठ में गोली लग गई। वारदात के बाद दूसरे पक्ष के लोग फरार हो गए।

तमंचा बरामद कराने पहुंची पुलिस पर फायरिंग

बुधवार सुबह पुलिस ने शिवांश को पकड़ लिया। इसके बाद उसे हथियार बरामद कराने के लिए एलएंडटी प्लांट के पास एक निर्माणाधीन इमारत में ले जाया गया। इसी दौरान वहां पहुंचे उसके साथी अभिषेक ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने अभिषेक को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, शिवांश की निशानदेही पर एक तमंचा और अभिषेक के कब्जे से दूसरा तमंचा बरामद हुआ। वारदात में इस्तेमाल बाइक और कारतूस भी मिले हैं।

जमानत पर बाहर आने के बाद फिर शुरू हुआ विवाद

जांच में यह भी सामने आया कि कुलदीप और दूसरे गुट के बीच वर्चस्व को लेकर पहले से तनातनी थी। 14 जुलाई को वेदव्यासपुरी में फायरिंग के मामले में टीपीनगर पुलिस कुलदीप और आयुष विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। जमानत पर बाहर आने के बाद कुलदीप का शिवांश उर्फ चिंटू से फिर विवाद हो गया। दोनों पक्षों की गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद परतापुर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की। इसी आधार पर एसएसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। घायल कुलदीप को जिला बदर भी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *