कानपुर। हनुमंत विहार थाने में व्यापारी की पिटाई का मामला सामने आते ही पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने शिकायत मिलते ही देर नहीं की और आरोपी दरोगा शैलेंद्र कुमार को तुरंत लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच एडीसीपी साउथ को सौंपकर साफ संदेश दिया कि वर्दी की आड़ में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं होगी।
सीपी से की थी शिकायत
पीड़ित व्यापारी योगेश ने कमिश्नर से मिलकर लिखित शिकायत की थी। उसने बताया था कि एक मामूली एक्सीडेंट के बाद थाने में दरोगा ने 20 हजार रुपये की मांग की थी। मांग पूरी न होने पर थाने के अंदर ही उसे पीटा गया। योगेश ने कमिश्नर से थाने के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने की भी मांग की थी।
कमिश्नर ने शिकायत को गंभीरता से लिया। सबसे पहले उन्होंने हनुमंत विहार के थानेदार राजीव सिंह से स्पष्टीकरण मांगा। थानेदार का जवाब संतोषजनक नहीं लगा तो कमिश्नर ने बिना देरी किए दरोगा के खिलाफ कार्रवाई कर दी।
कमिश्नर के इस एक्शन के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। डीसीपी डीएन चौधरी ने बताया कि एडीसीपी साउथ अब इस मामले की गहन जांच कर रहे हैं। वह थाने के सीसीटीवी फुटेज, पीड़ित का बयान और सामने आए वीडियो की जांच करेंगे।
जांच रिपोर्ट सीधे कमिश्नर को सौंपी जाएगी। कमिश्नर कार्यालय से जुड़े सूत्रों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आरोपी दरोगा के खिलाफ और कड़ी वैधानिक कार्रवाई भी हो सकती है। इसमें निलंबन से लेकर मुकदमा दर्ज करने तक के विकल्प खुले हैं।इस फैसले से पीड़ित योगेश को राहत मिली है। उसे उम्मीद है कि अब उसे न्याय मिलेगा।
लोगों ने कहा ये
वहीं आम लोगों का कहना है कि कमिश्नर की इस तुरंत कार्रवाई से थानों में मनमानी करने वाले पुलिसकर्मियों को सबक मिलेगा। पुलिस विभाग में इस कार्रवाई को एक नजीर के तौर पर देखा जा रहा है। कमिश्नर ने यह भी साफ कर दिया है कि अगर कोई पुलिसकर्मी जनता के साथ गलत व्यवहार करता पाया गया तो उसके खिलाफ इसी तरह तुरंत एक्शन लिया जाएगा।