लखीमपुर खीरी। निघासन कस्बे में महिलाओं पर फब्तियां कसना चार मनचलों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने चारों को पकड़ा और फिर बीच बाजार में ऐसा सबक सिखाया कि वे कान पकड़कर उठक-बैठक लगाने लगे। माफी मांगते हुए मनचले कहते रहे कि अब दोबारा ऐसी हरकत नहीं करेंगे। पुलिस की इस कार्रवाई का वीडियो अब सामने आया है।
ये है मामला
जानकारी के मुताबिक मामला निघासन के सीएचसी के पास का है। बताया जा रहा है कि चार युवक सड़क किनारे खड़े होकर वहां से निकल रही लड़कियों और महिलाओं पर अश्लील कमेंट कर रहे थे। लगातार अभद्रता से परेशान महिलाओं ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारों युवकों को दबोच लिया।
पकड़े गए युवकों की पहचान निघासन के ही रहने वाले करन जोशी, सौरभ जोशी और रवि मिश्रा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार एक युवक की उम्र कम है।
हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने चारों को उसी इलाके में पैदल चलाया जहां उन्होंने महिलाओं से बदतमीजी की थी। इस दौरान पुलिस ने उन्हें कान पकड़कर उठक-बैठक करवाई। वीडियो में चारों युवक हाथ जोड़कर माफी मांगते दिख रहे हैं। स्थानीय लोगों की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने पुलिस के इस कदम की तारीफ की।
इंस्पेक्टर ने दी जानकारी
कोतवाली प्रभारी गोपाल नारायण सिंह ने बताया कि चारों के खिलाफ BNS की धारा 296 के तहत सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही BNSS की धारा 170, 126 और 135 के तहत चालान कर उन्हें एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया है।
उन्होंने साफ कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक जगह पर छेड़छाड़ करने वालों पर इसी तरह सख्त एक्शन लिया जाएगा।