कानपुर में पान दुकानदार से 5 हजार मांगने का आरोप, वीडियो वायरल होते ही सिपाही लाइन हाजिर

Share This

कानपुर। चकेरी में पान की दुकान पर पहुंचकर एक सिपाही द्वारा दुकानदार से पांच हजार रुपये मांगने का आरोप सामने आया है। दुकानदार ने सिपाही पर धमकाने का भी आरोप लगाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में मामला पहुंचा तो अधिकारियों ने कार्रवाई कर दी। डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने चकेरी थाने में तैनात सिपाही विजय को लाइन हाजिर कर दिया।

ये है मामला 

मामला 8 अगस्त का बताया जा रहा है। चकेरी थाने के आसपास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें पुलिसकर्मी नजर आ रहा है। वीडियो को लेकर दावा किया गया कि पुलिसकर्मी नशे की हालत में पान की दुकान पर पहुंचा था। दुकानदार का आरोप है कि उससे पांच हजार रुपये मांगे गए। रुपये देने से मना करने पर उसे डराने-धमकाने की कोशिश की गई।

दुकानदार ने मौके पर मोबाइल से वीडियो बना लिया था। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने लगा। वीडियो अधिकारियों तक पहुंचा तो पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी का व्यवहार वर्दी की गरिमा के अनुरूप नहीं दिखाई देने के मामले का संज्ञान लिया गया है। डीसीपी ईस्ट ने तत्काल सिपाही विजय को लाइन हाजिर कर दिया। फिलहाल उसे चकेरी थाने की ड्यूटी से हटा दिया गया है।

जांच में सामने आएगी पूरी सच्चाई

मामले की प्रारंभिक जांच ACP चकेरी आशुतोष कुमार को सौंपी गई है। जांच अधिकारी वायरल वीडियो के साथ दुकानदार की ओर से लगाए गए आरोपों और घटना के दौरान मौजूद परिस्थितियों की पड़ताल करेंगे। पांच हजार रुपये मांगने की बात कितनी सही है और वीडियो में दिख रहे घटनाक्रम की वास्तविक वजह क्या थी, यह भी जांच का हिस्सा होगा।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *