फिरोजाबाद। चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर गए सिपाही की छुट्टी अचानक रद हो गई। घर पहुंचने के महज ढाई घंटे बाद ही उसे वापस थाने लौटना पड़ा। इससे तनाव में आए सिपाही ने किराए के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार शाम की है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच की।
ये है मामला
मृतक की पहचान फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के गांव नगला मोती निवासी प्रेमवीर सिंह (29) के रूप में हुई है। वह वर्ष 2018 बैच के सिपाही थे और वर्तमान में फिरोजाबाद के अरांव थाने में तैनात थे। वह कस्बे में टीवीएस एजेंसी के पास चंद्रपाल सिंह के मकान में किराए पर रहते थे। प्रेमवीर की अभी शादी नहीं हुई थी।
परिजनों के अनुसार 25 नवंबर को चचेरी बहन प्रेमलता की शादी है। इसके लिए प्रेमवीर छुट्टी लेकर मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे गांव पहुंचे थे। घर पहुंचकर शादी की तैयारियों में जुटे ही थे कि करीब 11 बजे उन्हें वापस लौटना पड़ा।तहेरे भाई प्रवेश यादव ने बताया कि जाते समय प्रेमवीर ने सिर्फ इतना कहा कि एसओ साहब ने छुट्टी निरस्त कर दी है। शादी में शामिल हो पाएंगे या नहीं, यह थाने पहुंचकर ही पता चलेगा। दोपहर करीब दो बजे वह थाने पहुंचे। कामकाज निपटाने के बाद शाम चार बजे कमरे पर चले गए।
शाम साढ़े छह बजे साथी सिपाही गोविंद कुमार उन्हें बुलाने आवास पर पहुंचे। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जवाब नहीं मिला तो खिड़की से झांककर देखा। अंदर प्रेमवीर फंदे पर लटके मिले। सूचना पर थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह टीम के साथ पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया।सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की।
एसएसपी ने दी जानकारी
एसएसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। शादी टूटने और छुट्टी से वापस बुलाए जाने की बात सामने आई है। मामले की जांच सीओ सिरसागंज कर रही हैं।
उधर, गांव में चचेरी बहन की शादी वाले घर में मातम छा गया है। प्रेमवीर के पिता वैशराम सिंह यादव गांव में खेती करते हैं। बड़े भाई रामवीर नोएडा में ट्रैवल्स एजेंसी चलाते हैं, जबकि छोटे भाई श्यामवीर की गांव में ही परचून की दुकान है। चार बहनों की शादी हो चुकी है। प्रेमवीर तीन भाइयों में सबसे छोटे थे।