उत्तर प्रदेश सरकार ने हाल ही में दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। आजमगढ़ के डीआईजी वैभव कुमार कृष्ण को प्रयागराज में आयोजित होने वाले महाकुंभ मेले 2025 का डीआईजी नियुक्त किया गया है। उनकी जगह सुनील कुमार सिंह को आजमगढ़ का नया डीआईजी बनाया गया है। इस तबादले के साथ ही अधिकारियों को तत्काल अपने नए पदभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि महाकुंभ मेले की तैयारियों में कोई विलंब न हो।
बेहद तेज तर्रार अफसर हैं वैभव कुमार कृष्ण
जानकारी के मुताबिक, वैभव कुमार कृष्ण 2010 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं और बागपत जिले के निवासी हैं। उन्होंने आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई की है। वो पूरे प्रदेश में अपने काम के लिए मशहूर है। 6 महीने तक उन्होंने आजमगढ़ के माफियाओं के नाक में दम करके रख दिया था। बदमाश उनके नाम से खौफ खाने लगे थे। महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ उन्होंने कड़ी कार्रवाई की।
बेहद अहम है ये तबादला
महाकुंभ मेला 2025 एक विशाल धार्मिक आयोजन है। महाकुंभ में करीब 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में मेला क्षेत्र की कानून व्यवस्था को चुस्त और दुरुस्त रखने के लिए उन्हें चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। इस महत्वपूर्ण आयोजन की सुरक्षा और प्रबंधन की दृष्टि से वैभव कुमार कृष्ण की नियुक्ति को अहम माना जा रहा है।