तबादले के बाद चारु निगम का पोस्ट चर्चा में, बोलीं- मातृत्व कमजोरी नहीं, ताकत है

Share This

सुल्तानपुर की पुलिस अधीक्षक रहीं आईपीएस अधिकारी चारु निगम का तबादला होने के बाद उनका सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है। उन्होंने सुल्तानपुर से विदाई के दौरान लिखा कि मातृत्व कमजोरी नहीं, बल्कि ताकत है। चारु निगम ने कहा कि वह गर्भावस्था के बावजूद जिले की जिम्मेदारी संभालने में पूरी तरह सक्षम थीं।

पोस्ट में लिखा ये

चारु निगम ने अपने पोस्ट में लिखा, “As I leave Sultanpur, to put it on record, motherhood is not a weakness, it’s a strength!!” उन्होंने आगे बताया कि वह गर्भावस्था के दौरान 197 दिनों तक सुल्तानपुर में रहीं और इस दौरान जिले की जिम्मेदारी संभालती रहीं। उनके इस पोस्ट को तबादले के बाद की उनकी प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है।

चारु निगम ने 5 फरवरी 2026 को सुल्तानपुर एसपी का पदभार संभाला था। करीब छह महीने के कार्यकाल के बाद उनका तबादला लखनऊ कर दिया गया है। अब उन्हें यूपी-112 में एसपी की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह विनीत जायसवाल को सुल्तानपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

सुल्तानपुर में चारु निगम का कार्यकाल कई वजहों से चर्चा में रहा। कार्यभार संभालने के बाद शुरुआती महीनों में थानों पर तैनात दरोगाओं और पुलिसकर्मियों के तबादले और नई तैनातियां सुर्खियों में रहीं। भाजपा एमएलसी देवेंद्र सिंह ने भी उनके कामकाज को लेकर कई आरोप लगाए थे।

उनके कार्यकाल में पयागीपुर में हाईवे पर ट्रक के अंदर ट्रक ड्राइवर की हत्या का मामला भी चर्चा में रहा। इस मामले का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।

रह चुकी हैं यहां तैनात

चारु निगम इससे पहले औरैया की एसपी रह चुकी हैं। वहां उन्होंने 50 किलो चांदी की लूट के मामले का खुलासा कराया था, जिसमें पुलिस विभाग के कुछ कर्मचारियों की भूमिका सामने आई थी। अब लखनऊ में यूपी-112 की नई जिम्मेदारी के साथ उनका अगला कार्यकाल शुरू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *