मेरठ में पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। DIG कलानिधि नैथानी ने सिकन्द्राबाद थाना पुलिस पर सख्त रुख अपनाते हुए कई पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
ये हुए सस्पेंड
मिली जानकारी के अनुसार, सिकन्द्राबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक नीरज मलिक को पहले लाइन हाजिर किया गया था, जिसके बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया। वहीं थाने के सीनियर इंस्पेक्टर अरुण कुमार पर भी गाज गिरी है और उन्हें भी निलंबित किया गया है। इसके अलावा जेल चौकी प्रभारी अमित कुमार और चार सिपाहियों को भी सस्पेंड कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि थाना और चौकी स्तर पर तैनात पुलिसकर्मियों पर बेकसूर लोगों से अवैध उगाही करने के गंभीर आरोप लगे थे। इस मामले की शिकायत सीधे डीआईजी मेरठ रेंज से की गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी ने पूरे प्रकरण की जांच कराई, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट में सामने आया कि पुलिसकर्मियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए आम लोगों को परेशान किया और उनसे अवैध वसूली की। इसके बाद डीआईजी ने तत्काल प्रभाव से कड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित कर दिया।
आदेश भी हुए जारी
साथ ही पूरे मामले में विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं, ताकि दोषियों के खिलाफ आगे की सख्त कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।