हरदोई में चार पुलिसकर्मियों पर गिरी निलंबन की गाज, एसपी ने दिए जांच के आदेश

Share This

हरदोई में पुलिस विभाग में एक साथ चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने ड्यूटी में लापरवाही, विभागीय निर्देशों की अनदेखी और आम लोगों के साथ कथित दुर्व्यवहार जैसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए तीन उपनिरीक्षकों और एक फॉलोअर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके साथ ही सभी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

कार्रवाई की जद में बेहटा गोकुल थाने में तैनात उपनिरीक्षक मोहित कुमार भी शामिल हैं। उन्हें सरकारी कामकाज में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उनके खिलाफ विभागीय स्तर पर जांच की जाएगी।

लगे हैं कई आरोप

कोतवाली देहात में तैनात उपनिरीक्षक सभा नारायण सिंह पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। उन पर लोगों से कथित तौर पर बड़ी रकम लेने, बिना किसी सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के अलावा बाराबंकी और एटा जिलों में दर्ज पुराने आपराधिक मामलों का भी उल्लेख किया गया है। इन आरोपों के आधार पर एसपी ने उन्हें निलंबित कर दिया।

वहीं शाहाबाद थाने में तैनात उपनिरीक्षक दृगपाल सिंह गौर पर विभागीय आदेशों का पालन नहीं करने, काम में लापरवाही बरतने और आम लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप हैं। इन मामलों को लेकर उनके खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।

चौथी कार्रवाई सुरसा थाने में तैनात फॉलोअर शुभम गंगवार के खिलाफ हुई। उन पर शराब के नशे में सार्वजनिक स्थान पर लोगों के साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार करने का आरोप है।

एसपी ने कहा ये

एसपी अशोक कुमार मीणा ने साफ किया कि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी में लापरवाही अथवा जनता के साथ अनुचित व्यवहार को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। चार कर्मचारियों पर एक साथ हुई कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल है। साथ ही जिले के सभी थाना क्षेत्रों में तैनात पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति गंभीर रहने और विभागीय निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *