नशे में PRD जवान का सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा: जीटी रोड पर लेटकर लगाया जाम

Share This

 

कन्नौज में मंगलवार दोपहर तिर्वा क्रॉसिंग चौराहे पर एक PRD जवान के व्यवहार से यातायात व्यवस्था बिगड़ गई। ड्यूटी पर मौजूद जवान अचानक जीटी रोड पर लेट गया। सड़क के बीच में उसके लेटने से दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ ही देर में लंबा जाम लग गया।

ये है मामला 

मामले की जानकारी मिलने पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर रविशंकर त्रिपाठी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। जवान को सड़क से हटाने की कोशिश की गई, लेकिन उसने पुलिसकर्मियों की बात मानने के बजाय उनसे बहस शुरू कर दी। पुलिस टीम ने किसी तरह उसे सड़क से हटाया और जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।

जवान की पहचान राम सिंह यादव के रूप में बताई गई है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर के अनुसार, राम सिंह यादव पहले भी अपनी ड्यूटी की लोकेशन को लेकर नाराजगी जाहिर कर चुका है। मंगलवार को भी वह इसी बात को लेकर विरोध कर रहा था। इसी दौरान उसका गुस्सा बढ़ गया और उसने सड़क पर लेटकर हंगामा शुरू कर दिया।

जवान के नशे में होने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी शराब के सेवन की पुष्टि नहीं की है। अस्पताल में कराए जा रहे मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।

ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने कहा ये

ट्रैफिक इंस्पेक्टर रविशंकर त्रिपाठी ने कहा कि ड्यूटी के दौरान सार्वजनिक सड़क पर इस तरह का व्यवहार गंभीर मामला है। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ आम लोगों को भी परेशानी हुई। उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता और गैर-जिम्मेदाराना रवैये को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मामले की जानकारी PRD विभाग को भेजी जा रही है। विभाग को औपचारिक पत्र भेजकर घटना से अवगत कराया जाएगा। मेडिकल रिपोर्ट और विभागीय स्तर पर होने वाली कार्रवाई के बाद जवान के खिलाफ आगे का निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *