12 घंटे की ड्यूटी से मिली राहत, Bulandshahr में पुलिसकर्मियों के लिए लागू हुआ नया रोस्टर

Share This

बुलंदशहर। डायल-112 में तैनात पुलिसकर्मियों के काम के घंटे घटा दिए गए हैं। अब उन्हें लगातार 12 घंटे की ड्यूटी नहीं करनी होगी। शासन के निर्देश पर जिले में डायल-112 की व्यवस्था को तीन शिफ्ट में बांट दिया गया है। प्रत्येक शिफ्ट आठ घंटे की होगी। नई व्यवस्था के तहत पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का नया रोस्टर तैयार कर उसे लागू किया जा रहा है।

अब तक डायल-112 में पुलिसकर्मियों की दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाती थी। एक टीम सुबह आठ बजे से रात आठ बजे और दूसरी टीम रात आठ बजे से अगले दिन सुबह आठ बजे तक जिम्मेदारी संभालती थी। लंबी ड्यूटी के कारण कर्मचारियों पर काम का दबाव रहता था। कई पुलिसकर्मी लंबे समय से आठ घंटे की शिफ्ट लागू करने की मांग कर रहे थे।

शासन ने जारी किए थे आदेश

शासन के नए आदेश के बाद अब पहली शिफ्ट सुबह छह से दोपहर दो बजे, दूसरी दोपहर दो से रात दस बजे और तीसरी रात दस से सुबह छह बजे तक चलेगी। अधिकारियों का मानना है कि ड्यूटी के घंटे कम होने से कर्मचारियों को पर्याप्त आराम मिलेगा। इससे वे ड्यूटी के दौरान ज्यादा सतर्क रह सकेंगे और आपातकालीन कॉल पर तेजी से कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

बुलंदशहर में डायल-112 के लिए 82 वाहन संचालित हैं। इनके संचालन में निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी, चालक और होमगार्ड की तैनाती है। जिले में दो निरीक्षक, 12 उपनिरीक्षक, 37 महिला मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी, 197 मुख्य आरक्षी, 79 चालक, 228 आरक्षी और 142 होमगार्ड डायल-112 की व्यवस्था से जुड़े हैं।

डायल-112 प्रदेश में पुलिस की प्रमुख आपातकालीन सेवाओं में से एक है। किसी भी आपात स्थिति में लोग इसी नंबर पर पुलिस सहायता मांगते हैं। ऐसे में कर्मचारियों का शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना सेवा की गुणवत्ता के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

डायल-112 में आठ घंटे की शिफ्ट शुरू होने के बाद थानों में तैनात पुलिसकर्मियों के बीच भी काम के घंटे कम होने की उम्मीद बढ़ी है। थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों को अक्सर 12 से 14 घंटे तक काम करना पड़ता है।

एसएसपी ने कहा ये

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि शासन और पुलिस महानिदेशक के निर्देश के अनुसार नई शिफ्ट व्यवस्था लागू कर दी गई है। नए रोस्टर के आधार पर डायल-112 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *