लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस मुख्यालय पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम से प्रदेशभर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश और आईजी लॉ एंड ऑर्डर एल.आर. कुमार भी मौजूद रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी जिलों की स्थिति का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
समीक्षा बैठक के दौरान प्रदेश के सभी जिलों से लगातार फीडबैक लिया गया। अधिकारियों ने स्थानीय हालात, सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी मुख्यालय को दी। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित जिलों के पुलिस अधिकारियों को सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
डीजीपी ने कहा ये
डीजीपी राजीव कृष्ण ने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी जिलों की पुलिस को पूरी तरह मुस्तैद रहने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने भी अधिकारियों से कहा कि सभी पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करें और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखें। साथ ही स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा संबंधी सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
रखी जा रही निगरानी
पुलिस मुख्यालय की ओर से कहा गया कि प्रदेशभर की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती समेत अन्य आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वरिष्ठ अधिकारियों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, आमजन की सुरक्षा और शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सभी जिलों के अधिकारियों को लगातार सतर्क रहने और हर स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।