संसद मार्च हिंसा: दिल्ली पुलिस ने दर्ज कीं 10 FIR, कई थानों में कार्रवाई तेज

Share This

नई दिल्ली। संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा और उपद्रव के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 10 एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान सरकारी काम में बाधा, तोड़फोड़, हिंसा और कानून-व्यवस्था भंग करने जैसी घटनाओं के आधार पर अलग-अलग पुलिस थानों में मामले दर्ज किए गए हैं। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।

य़हां दर्ज हुई रिपोर्ट

जानकारी के मुताबिक, सबसे अधिक चार एफआईआर पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई हैं। वहीं, कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में तीन मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा मंदिर मार्ग, बाराखंभा रोड और कर्तव्य पथ पुलिस स्टेशन में एक-एक एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि संसद मार्च के दौरान कई स्थानों पर प्रदर्शन उग्र हो गया था। इस दौरान बैरिकेडिंग तोड़ने, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने और सार्वजनिक व्यवस्था बाधित करने की घटनाएं सामने आईं। इन्हीं घटनाओं के आधार पर अलग-अलग धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं। जांच एजेंसियां घटनास्थल पर मौजूद वीडियो, ड्रोन फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप की भी जांच कर रही हैं ताकि उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।

इन लोगों को लगी चोटें

उधर, संसद मार्च के दौरान घायल हुए छात्रों और पुलिसकर्मियों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। कई छात्रों को हाथ-पैर और सिर में चोटें आई हैं, जबकि कुछ की आंखों में भी चोट लगने की सूचना है। वहीं, कई पुलिसकर्मी भी सिर और हाथ में चोट लगने के कारण उपचाराधीन हैं।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *