पार्टी से लौटते वक्त हादसा, पानी में डूबा सिपाही; सुबह मिली बाइक और लाश

Share This

 

बलिया। बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छाता क्रासिंग के पास सोमवार सुबह एक पुलिसकर्मी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सड़क के किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में बाइक के साथ शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान बांसडीह कोतवाली में तैनात आरक्षी पारितोष मिश्र के रूप में हुई। वह 2025 बैच के सिपाही थे और प्रयागराज जिले के होलागढ़ क्षेत्र के रहने वाले थे।

ये है मामला 

पुलिस के अनुसार, पारितोष रविवार शाम अपने बैच के कुछ साथियों के साथ छाता गांव गए थे। वहां से देर रात बाइक से लौटते समय वह छाता क्रासिंग के पास हादसे का शिकार हो गए। आशंका है कि अंधेरे में बाइक का संतुलन बिगड़ने के कारण वह सड़क किनारे स्थित गहरे गड्ढे में जा गिरे। गड्ढे में पानी भरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई।

उधर, काफी देर तक पारितोष के वापस नहीं आने पर साथियों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के रास्तों और संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो फोन बंद मिला। रात में तलाश के बावजूद सफलता नहीं मिली।

खोजबीन के दौरान मिला शव

सोमवार सुबह छाता क्रासिंग के समीप दोबारा खोजबीन के दौरान पुलिसकर्मियों की नजर पानी में पड़ी बाइक पर गई। इसके बाद गड्ढे में तलाश करने पर पारितोष का शव बरामद कर लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। सिपाही की मौत से बांसडीह कोतवाली में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *