बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस गश्त के दौरान बड़ा हादसा हो गया। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे एक सिपाही और होमगार्ड की बाइक को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि होमगार्ड को भी चोटें आई हैं।
ये है मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार कादरचौक थाने में तैनात सिपाही सचिन पोसवाल अपने साथी होमगार्ड राजकुमार के साथ चीता मोबाइल पर क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ब्लॉक के निकट पीछे से आए पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। सिपाही सचिन वाहन के नीचे फंस गए, जिन्हें काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला जा सका।
मौके पर पहुंचे अफसर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने सिपाही की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया। वहीं होमगार्ड का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना के बाद पुलिस महकमे में चिंता का माहौल है।