लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश एसटीएफ के वीर इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता सम्मान ‘कीर्ति चक्र’ से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इंस्पेक्टर सुनील कुमार के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
सीएम ने किया सम्मान
सीएम योगी ने एक्स पर लिखा कि इंस्पेक्टर सुनील कुमार का मरणोपरांत ‘कीर्ति चक्र’ से अलंकरण उनके अदम्य साहस, अप्रतिम पराक्रम और राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च समर्पण का सम्मान है। उन्होंने कहा कि 20 जनवरी 2025 को शामली में दुर्दांत अपराधियों के विरुद्ध अभियान का नेतृत्व करते हुए इंस्पेक्टर सुनील कुमार कर्तव्य पथ पर वीरगति को प्राप्त हुए थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास का पहला अवसर है, जब उसके किसी वीर जवान को ‘कीर्ति चक्र’ से सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने इसे प्रत्येक पुलिसकर्मी और हर उत्तर प्रदेशवासी के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण बताया।
सीएम योगी ने अपने पोस्ट में कहा कि यह सम्मान उत्तर प्रदेश पुलिस की बलिदानी परंपरा, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के संकल्प का राष्ट्रीय अभिनंदन है। उन्होंने अमर बलिदानी इंस्पेक्टर सुनील कुमार को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।
2025 में हुए थे शहीद
जनवरी 2025 में झिंझाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने एसटीएफ टीम का नेतृत्व किया था। बदमाशों से मुठभेड़ में तीन गोलियां लगने के बावजूद वे मोर्चे पर डटे रहे और टीम का नेतृत्व करते रहे। बाद में उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। उनके साहस और बलिदान को अब देश के प्रतिष्ठित वीरता सम्मान से सम्मानित किया जा रहा है।