उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कासगंज जनपद में नवनिर्मित अत्याधुनिक पुलिस लाइंस का लोकार्पण कर प्रदेश में पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और सशक्त बनाने की दिशा में एक नया अध्याय जोड़ा।
आज हुए इस कार्यक्रम में उनके साथ प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम ने कहा ये
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 191 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई यह पुलिस लाइन प्रदेश की कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।
यहां एक हज़ार पुलिसकर्मियों के लिए बैरक, अधिकारियों के लिए आधुनिक आवास, एक अत्याधुनिक ऑडिटोरियम और अन्य प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
सीएम योगी ने इस मौके पर कहा कि यह केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली भविष्य की नींव है। उन्होंने इसे देश के लिए एक मॉडल प्रोजेक्ट करार दिया और उत्तर प्रदेश पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन की कार्यकुशलता की सराहना की, जिसने तय समयसीमा में इस कार्य को पूरा किया।
विपक्ष पर बोला हमला
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पूर्ववर्ती सरकारों पर भी हमला बोला और कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अराजकता का माहौल था, अपराधी खुलेआम समानांतर सत्ता चलाते थे। लेकिन आज उप्र पुलिस माफियाओं के लिए काल बन चुकी है। अब कोई गरीब की संपत्ति पर जबरन कब्जा नहीं कर सकता, और ना ही कानून को चुनौती दे सकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि देश और प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पुलिस बल का आधुनिकीकरण अत्यंत आवश्यक है। इसीलिए राज्य सरकार लगातार बुनियादी ढांचे में सुधार, तकनीकी उन्नयन और पुलिस कल्याण योजनाओं पर काम कर रही है।