प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। अब इसका असर उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में भी दिखाई देने लगा है। यहां असंद्रा थाना पुलिस ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और आमजन से बेहतर संवाद कायम करने के लिए अनोखी पहल शुरू की है। शनिवार को पुलिसकर्मी सरकारी गाड़ियों की जगह साइकिलों पर गश्त करते नजर आए। खाकी वर्दी में साइकिल चलाती पुलिस को देखकर लोग भी हैरान रह गए।
थाना प्रभारी ने कहा ये
प्रभारी निरीक्षक आलोक मणि त्रिपाठी की अगुवाई में पुलिस टीम सुबह असंद्रा बाजार पहुंची। साइकिल से गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों ने बाजार, गांव और कस्बों में रुककर लोगों से बातचीत की। दुकानदारों से बाजार की स्थिति जानी गई तो राहगीरों से सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सुझाव लिए गए। इसके बाद पुलिस टीम हैदरगढ़-रामसनेहीघाट मार्ग से नई सड़क कस्बे तक पहुंची।
लोगों ने की सराहना
इस दौरान लोगों ने पुलिस की इस पहल को सराहा। ग्रामीणों का कहना था कि वाहन पर रहने वाली पुलिस अक्सर जल्दी में नजर आती है, लेकिन साइकिल पर पहुंचे पुलिसकर्मी लोगों के बीच रुककर आराम से बातचीत करते दिखे। कई जगह बच्चों ने पुलिसकर्मियों का अभिवादन किया तो बुजुर्गों ने इसे पुराने समय की याद बताया।
नई सड़क क्षेत्र में पुलिस ने सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण भी चिन्हित किए और लोगों को समझाया कि सड़क खाली रखने से यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहती है।
प्रभारी निरीक्षक आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की ईंधन बचाने की अपील से प्रेरित होकर यह प्रयोग शुरू किया गया है। उनका कहना है कि साइकिल गश्त से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि पुलिस और जनता के बीच भरोसा भी मजबूत होगा।