उत्तर प्रदेश पुलिस की तकनीकी सेवाएं शाखा द्वारा आंतरिक रूप से विकसित इन्वेस्टिगेशन, प्रॉसिक्यूशन एवं कन्विक्शन पोर्टल को “पुलिस और सुरक्षा” श्रेणी में प्रतिष्ठित SKOCH अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान को आज एडीजी ने खुद डीजीपी को सौंपा।
ये है पोर्टल का उद्देश्य
जानकारी के मुताबिक, ये पोर्टल उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच से प्रेरित है, जिसका उद्देश्य है – पीड़ितों को समय पर न्याय सुनिश्चित करना। यह नवाचार न केवल कानून व्यवस्था को तकनीकी रूप से सशक्त बनाता है, बल्कि न्याय प्रणाली की पारदर्शिता और प्रभावशीलता को भी एक नई दिशा देता है।
इस पोर्टल के माध्यम से गंभीर और संवेदनशील मामलों की पहचान की जाती है, उनके विवेचन की लगातार निगरानी होती है, और त्वरित सुनवाई सुनिश्चित की जाती है। यह प्रणाली न्याय वितरण की प्रक्रिया को तेज़, सटीक और भरोसेमंद बनाती है, जिससे आम जनता का विश्वास पुलिस पर और भी अधिक मज़बूत हुआ है।
डीजीपी को सौंपा पुरस्कार
इस उपलब्धि पर तकनीकी सेवाएं शाखा के एडीजी द्वारा यह पुरस्कार उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को सौंपा गया। इस अवसर पर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर और जीएसओ टू डीजीपी भी उपस्थित रहे।
इस तकनीकी पहल ने न केवल उत्तर प्रदेश पुलिस की छवि को बेहतर किया है, बल्कि पूरे देश में पुलिसिंग के क्षेत्र में एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह पुरस्कार उत्तर प्रदेश पुलिस की प्रतिबद्धता और नवाचार की भावना को सलाम करता है।