लखनऊ। राजधानी की नगराम पुलिस ने तकनीक और तत्परता का ऐसा मेल दिखाया, जिसने एक 19 वर्षीय युवक की जिंदगी बचा ली। मेटा के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम ने जब इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ा संकेत पकड़ा, तो कुछ ही मिनटों में पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। महज सात मिनट में पुलिस ने युवक तक पहुंचकर एक बड़ा हादसा होने से रोक दिया।
ये है मामला
मामला मदारपुर गांव का है। यहां रहने वाले युवक ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर जहर खाकर जान देने की बात लिखी थी। मेटा के सिस्टम ने इसे संभावित आत्मघाती पोस्ट के रूप में पहचानकर लखनऊ पुलिस को अलर्ट भेजा। सिग्नल मिलते ही नगराम थानाध्यक्ष ने टीम रवाना की और कुछ ही मिनटों में पुलिस युवक के दरवाजे पर थी।
जांच में स्पष्ट हुआ कि युवक ने जहर नहीं खाया था, लेकिन वह भावनात्मक तनाव में था। पूछताछ में उसने बताया कि उसका अपनी महिला मित्र से विवाद हुआ था और उसी क्षणिक आवेग में उसने यह पोस्ट डाली थी। पुलिस ने उसे समझाया, काउंसलिंग कराई और परिवार को भी भरोसा दिलाया कि बेटे की मानसिक स्थिति का ध्यान रखा जाए।
थोड़ी बातचीत और समझाने-बुझाने के बाद युवक ने पोस्ट डिलीट कर दी और दोबारा ऐसा कदम न उठाने का वादा किया।
पुलिस की हुई सराहना
स्थानीय लोगों ने नगराम पुलिस की इस तत्परता की जमकर सराहना की। यह घटना न केवल पुलिस के मानवीय चेहरे को उजागर करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब समाज में ‘रियल-टाइम लाइफसेवर’ बनता जा रहा है।