आगरा। करवाचौथ जैसे त्योहार पर घर लौटी खुशियां अचानक दुख में बदल गईं, जब आगरा में तैनात एक दारोगा की सर्विस पिस्टल से चली गोली उनकी पत्नी को जा लगी। मामला मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र का है, जहां घायल महिला को गंभीर हालत में एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल महिला खतरे से बाहर बताई जा रही है, जबकि मेरठ पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट आगरा पुलिस को भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।
ये है मामला
जानकारी के मुताबिक, दौराला निवासी रोबिन उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (दारोगा) हैं और इस समय उनकी तैनाती आगरा के खेड़ा राठौर थाने में है। करवाचौथ के मौके पर वह छुट्टी लेकर पत्नी दीपिका के पास मेरठ पहुंचे थे। दीपिका मूल रूप से गंगानगर क्षेत्र की रहने वाली हैं। बताया गया कि रोबिन अपने साथ सर्विस पिस्टल भी घर लेकर आए थे।
गुरुवार शाम करीब सात बजे का समय था, जब दीपिका अपने घर के अंदर परिवार के साथ मौजूद थीं। उसी दौरान वह पति की पिस्टल उठाकर उसे सेफ में रखने जा रही थीं। तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। गोली दीपिका की जांघ में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। परिवार के लोग आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले गए।
अस्पताल प्रशासन ने तत्काल दौराला पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ प्रकाश चंद्र अग्रवाल और एसएचओ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की। पुलिस ने घायल महिला और उसके परिजनों के बयान दर्ज किए। दीपिका और उनके मायके वालों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है, जिसे लेकर पुलिस ने स्थिति स्पष्ट कर दी है कि फिलहाल कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाएगी।
एसपी सिटी ने दी जानकारी
एसपी सिटी मेरठ आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि यह घटना हादसे जैसी प्रतीत हो रही है। आगरा में तैनात दारोगा रोबिन के खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर मेरठ पुलिस की ओर से आगरा भेजी जाएगी, ताकि विभागीय जांच आगे बढ़ सके। फिलहाल दीपिका की हालत स्थिर है और परिवारजन राहत की सांस ले रहे हैं।