मथुरा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 25 सितंबर को प्रस्तावित मथुरा दौरे को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने अपर मुख्य सचिव गृह दीपक कुमार के साथ मथुरा पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि और अंतापाड़ा स्थित कुब्जा श्रीकृष्ण मंदिर का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
डीजीपी ने दिए निर्देश
डीजीपी राजीव कृष्ण ने जन्मभूमि परिसर और वृंदावन स्थित श्रीबांकेबिहारी मंदिर तक राष्ट्रपति के संभावित रूट को बारीकी से देखा। उन्होंने कहा कि वीवीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, भीड़ प्रबंधन और रूट डायवर्जन की योजनाओं की डीजीपी ने खुद समीक्षा की।
खासतौर पर अंतापाड़ा स्थित कुब्जा श्रीकृष्ण मंदिर के आसपास सफाई, बैरिकेडिंग और प्रवेश मार्ग को लेकर स्थानीय प्रशासन को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने को कहा।
निरीक्षण के बाद डीजीपी ने शाम को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति वृंदावन के निधिवन और श्रीबांकेबिहारी मंदिर के अलावा मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और कुब्जा श्रीकृष्ण मंदिर में दर्शन करेंगी। ऐसे में हर लोकेशन पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, एंटी-सबोटाज चेकिंग और आपातकालीन रूट प्लान तैयार रखना अनिवार्य है।
रखी जाए सतर्कता
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि यह दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए पुलिस और प्रशासनिक मशीनरी को 24 घंटे की सतर्कता के साथ काम करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रपति के आगमन से पहले सभी तैयारियां पूरी कर लें और सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।