मथुरा। महिला सशक्तिकरण और आत्मरक्षा को मजबूत करने के लिए मथुरा पुलिस ने एक अनोखी पहल की है। सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर में सीओ सिटी आईपीएस आशना चौधरी ने 45 महिला पुलिसकर्मियों को बिना हथियार हाथ से लड़ने के गुर सिखाए। यह प्रशिक्षण उन्हें ड्यूटी के दौरान ही नहीं, बल्कि निजी जीवन में भी आत्मरक्षा का मजबूत कवच प्रदान करेगा।
सिखाए गए ये गुण
शिविर में महिला पुलिसकर्मियों को पंच रोकने और कंट्रोल करने, कॉलर या गर्दन पकड़े जाने की स्थिति से निकलने, अचानक धक्का या हमले का जवाब देने और प्रेशर प्वाइंट का इस्तेमाल कर खुद को सुरक्षित रखने जैसे अहम दांवपेच सिखाए गए। सीओ आशना चौधरी ने कहा कि इस अभ्यास का मकसद महिला पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से इतना सक्षम बनाना है कि वे किसी भी परिस्थिति में हमलावर को बिना हथियार भी मात दे सकें।
उन्होंने बताया कि इस तरह का प्रशिक्षण न केवल ड्यूटी पर तैनाती के दौरान बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में भी महिलाओं के लिए उपयोगी साबित होगा। मिशन शक्ति अभियान के तहत ऐसे विशेष अभ्यास लगातार जारी रहेंगे, ताकि महिला पुलिस न सिर्फ कानून व्यवस्था संभाल सके बल्कि हर चुनौती का डटकर सामना भी कर सके।
बढ़ेगा मनोबल
पुलिस का यह प्रयास महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे महिला कर्मियों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत और सशक्त कार्रवाई करने में सक्षम होंगी।