बस्ती में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने पुलिस लाइन परिसर का औचक निरीक्षण किया। शुरुआत साप्ताहिक परेड से हुई, जहां उन्होंने सलामी ली और पुलिस कर्मियों व आरटीसी रिक्रूट आरक्षियों के टर्नआउट की बारीकी से जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि ड्यूटी के दौरान वर्दी उच्च मानकों की हो और जनता से हमेशा मधुर व्यवहार रखा जाए।
पुलिसकर्मियों को कराई दौड़
निरीक्षण के बाद एसपी ने सभी कर्मियों और रिक्रूट आरक्षियों को शारीरिक फिटनेस बनाए रखने के लिए दौड़ लगवाई और टोलीवार ड्रिल कराई, जिससे अनुशासन और एकरूपता सुनिश्चित हो। इसके बाद उन्होंने शस्त्रागार, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, पुलिस अस्पताल, परिवहन शाखा, कैंटीन, भोजनालय, बैरक भवनों, यातायात कार्यालय और डायल-112 कार्यालय का निरीक्षण किया।
एसपी अभिनंदन ने जी-05 और जी-08 भवनों की गुणवत्ता का आकलन करते हुए कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। बैरकों और स्टोर में विशेष सफाई और बेहतर रखरखाव पर जोर दिया। साथ ही, पुलिस लाइन परिसर में जल जमाव से बचने के लिए जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने पर बल दिया।
दायित्वों के बारे में किया ब्रीफ
उन्होंने मुल्जिम ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को उनके कर्तव्यों और दायित्वों के बारे में विस्तार से ब्रीफ किया और तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। इस निरीक्षण में सीओ लाइन स्वर्णिमा सिंह भी मौजूद रहीं।