प्रतापगढ़ जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में एक और बड़ी सफलता फतनपुर पुलिस को मिली है। बुधवार तड़के छानापार नहर पुलिया के पास हुई मुठभेड़ में तीन अंतर्जनपदीय बदमाश दबोचे गए। इनमें एक सुरेंद्र गुप्ता उर्फ खुट्टी को मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया।
ये है मामला
पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरेंद्र के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी — हरिओम पांडेय उर्फ सचिन और अंकित गुप्ता को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल बदमाश को सीएचसी गौरा में प्राथमिक उपचार के बाद राजा प्रताप बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पकड़े गए आरोपियों के पास से तमंचा, बाइक और मोबाइल फोन सहित लूट के कई सामान बरामद हुए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र लाल ने बताया कि मुख्य आरोपी सुरेंद्र गुप्ता के खिलाफ प्रयागराज और प्रतापगढ़ में चोरी, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक अधिनियम के तहत करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। उसकी लंबे समय से तलाश चल रही थी।
अपराधियों को दिया संदेश
इस ऑपरेशन का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी और फतनपुर थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार त्रिपाठी ने किया। पुलिस टीम की तत्परता और सटीक कार्रवाई से जिले में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर मजबूत संदेश गया है।