मुरादाबाद। सावन के श्रद्धा-भाव में लिपटे माहौल के बीच इंसानियत का एक ऐसा दृश्य सामने आया, जिसने पुलिस की छवि को एक बार फिर सम्मान से भर दिया। हरिद्वार से रामपुर लौटते समय जब एक शिवभक्त की हालत अचानक बिगड़ गई, तो मौके पर तैनात हेड कांस्टेबल राजेन्द्र गंगवार फरिश्ता बनकर सामने आए।
ये है मामला
घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के महाराणा प्रताप सिंह चौक की है, जहां तेज बारिश के बीच रामपुर के मिलक धानेरी गांव निवासी नेत्रपाल अपनी डाक कांवड़ यात्रा पूरी कर रहे थे। जैसे ही वह चौराहे पर पहुंचे, अचानक चक्कर खाकर बेहोश हो गए।
मौके पर तैनात राजेन्द्र गंगवार ने स्थिति की गंभीरता को तुरंत समझा और बिना देर किए सीपीआर देना शुरू कर दिया। जब तक एंबुलेंस मौके पर पहुंची, तब तक वे लगातार उनका प्राथमिक उपचार करते रहे। अन्य पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस को बुलवाया और उन्हें पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां नेत्रपाल की हालत स्थिर बनी हुई है।
हो रही सराहना
राजेन्द्र गंगवार की यह तत्परता और संवेदनशीलता यह साबित करती है कि जब वर्दी के साथ इंसानियत जुड़ जाए, तो वह किसी की जिंदगी भी बचा सकती है। सोशल मीडिया पर उनकी खूब सराहना हो रही है।