लखीमपुर खीरी। जिले में चाइनीज मांझे का कहर एक बार फिर सामने आया है। इस बार इसका शिकार कोई आम आदमी नहीं, बल्कि खुद पुलिस का एक सिपाही हो गया। बाइक से जा रहे सिपाही की गर्दन में अचानक चाइनीज मांझा फंस गया और गर्दन कट गई। मांझा इतना तेज था कि सिपाही की गर्दन पर गहरा घाव हो गया। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गर्दन पर 10 टांके लगे। गनीमत रही कि मांझा ज्यादा गहरा नहीं कटा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
कौन है सिपाही?
घायल सिपाही की पहचान उमेश कुमार के रूप में हुई है। उनकी तैनाती नीमगांव थाने में है। वर्तमान में उनकी ड्यूटी पुलिस लाइन में सीआर ड्यूटी पर लगी हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी काम से बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान वह सदर कोतवाली क्षेत्र के मिश्राना चौकी इलाके से गुजर रहे थे। तभी अचानक पतंग का कटा हुआ चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में आकर फंस गया।
बाइक की रफ्तार और मांझे की धार के कारण उनकी गर्दन कट गई। गर्दन कटते ही वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें उठाया और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी गर्दन का इलाज किया और घाव पर 10 टांके लगाए। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
उठ रहे सवाल
इस घटना के बाद एक बार फिर चाइनीज मांझे की बिक्री पर सवाल खड़े हो गए हैं। सरकार की ओर से चाइनीज मांझे की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा हुआ है, इसके बावजूद यह बाजार में धड़ल्ले से बिक रहा है। पतंगबाजी के शौक में लोग इस जानलेवा मांझे का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे आए दिन बाइक सवारों और पैदल चलने वालों की जान पर बन आती है।पुलिस अब इस मामले में मांझा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कह रही है। लोगों की मांग है कि ऐसे खतरनाक मांझे को बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि दोबारा किसी की जान खतरे में न पड़े।