निजी कार में हूटर और सड़क पर पुलिसिया रौब! कौशाम्बी में दरोगा से भिड़ा ट्रैक्टर चालक, वसूली के आरोप से मचा हड़कंप

Share This

 

कौशाम्बी। सड़क पर मिट्टी से भरा ट्रैक्टर, सामने पुलिस का एक दरोगा और दोनों के बीच तीखी बहस… कौशाम्बी के सराय अकिल क्षेत्र में सामने आए इस घटनाक्रम ने पुलिस की कार्यप्रणाली को चर्चा में ला दिया है। विवाद की वजह ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट का न होना बताया जा रहा है, लेकिन मामला तब और गरमा गया जब चालक ने पुलिसकर्मी पर पैसों की मांग करने का आरोप लगा दिया।

ये है मामला 

घटना 13 नवंबर की सुबह की है। करीब 8:50 बजे सराय अकिल चौराहे के आसपास मिट्टी लदा ट्रैक्टर गुजर रहा था। इसी दौरान दरोगा विकास मिश्रा की नजर उस पर पड़ी। बताया जा रहा है कि दरोगा अपनी निजी चार पहिया गाड़ी से मौके पर पहुंचे और हूटर बजाते हुए ट्रैक्टर का पीछा किया। कुछ दूर आगे जाकर वाहन रुकवा लिया गया।

कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक ने विरोध जताना शुरू कर दिया। उसका कहना था कि इलाके में बिना नंबर प्लेट वाले दूसरे ट्रैक्टर भी बेखौफ चल रहे हैं, फिर कार्रवाई के लिए उसी को क्यों चुना गया? बहस के बीच चालक ने दरोगा पर पहले 50 हजार रुपये मांगने का आरोप भी जड़ दिया। हालांकि, इस कथित मांग को लेकर अभी कोई स्वतंत्र प्रमाण सामने नहीं आया है।

मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूरी बहस का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसमें चालक पुलिसकर्मी के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करता दिखाई देता है। कैमरा चालू देखकर दरोगा अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से चले जाते हैं। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

कौशांबी पुलिस ने किया संज्ञान

मामले पर कौशाम्बी पुलिस ने भी संज्ञान लिया है। पुलिस की ओर से एक्स पर बताया गया कि सराय अकिल थाना प्रभारी को प्रकरण की जांच कर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट और पुलिस विभाग के अगले कदम पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *