अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र के गांव रुखालू से बुरी खबर सामने आई है। गांव के किसान सोमपाल सिंह के छोटे बेटे सचिन कुमार (29) की सड़क हादसे में मौत हो गई। सचिन यूपी पुलिस में सिपाही थे और रामपुर जिले में उनकी पोस्टिंग थी।
ऐसे हुआ था हादसा
परिवार के मुताबिक सोमवार को गणेश चतुर्थी पर जिले में अलर्ट था, इसलिए सचिन की ड्यूटी मिलक थाने में लगी थी। शाम को ड्यूटी खत्म कर वह अपनी बाइक से शहजादनगर में अपने कमरे पर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी तेज रफ्तार गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।सचिन के बड़े भाई बॉबी गौतम लेखपाल हैं। उन्होंने बताया कि हादसे की जानकारी पुलिस ने ही परिवार को दी।
सचिन का परिवार इस समय दोहरी पीड़ा से गुजर रहा है। उनकी पत्नी भानु भी यूपी पुलिस में ही सिपाही हैं और रामपुर के शहजादनगर थाने में ही तैनात हैं। दोनों की शादी को अभी दो साल ही हुए हैं और भानु इस वक्त प्रेग्नेंट हैं। पति की मौत की खबर सुनते ही वह बदहवास हो गईं।
आज लाया जाएगा शव
सचिन की मौत की खबर सोमवार देर रात जब रुखालू गांव पहुंची तो हर आंख नम हो गई। किसान का बेटा वर्दी पहनकर पूरे गांव का नाम रोशन कर रहा था। अब परिवार में कोहराम मचा है। पिता सोमपाल का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आज शव गांव लाया जाएगा और पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।