मैनपुरी। पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर मोबाइल से वीडियो बनाए जाने पर मैनपुरी के डीएसपी अशोक सिंह का गुस्सा सामने आया। मृतक कंडक्टर के परिवार से बातचीत के दौरान कुछ लोग उनकी रिकॉर्डिंग कर रहे थे। बार-बार मना करने के बावजूद कैमरा नहीं हटाने पर अधिकारी नाराज हो गए। इसी दौरान उन्होंने मूंछों पर ताव देते हुए अपना परिचय दिया और वीडियो सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भेजने की बात कही। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ये है मामला
पूरा मामला एलाऊ थाना क्षेत्र में रविवार रात हुई फायरिंग से जुड़ा है। संतोष नगर गांव में शराब के ठेके के पास बदमाशों ने एक ट्रक को निशाना बनाकर गोलियां चला दी थीं। हमले में ट्रक के कंडक्टर को गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक भी गोली लगने से घायल हुआ था। वारदात के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार को पोस्टमॉर्टम हाउस पर मृतक के स्वजन मौजूद थे। इसी दौरान डीएसपी अशोक सिंह परिवार के लोगों से बातचीत कर रहे थे। वहां कुछ लोग मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करने लगे। अधिकारी ने उन्हें रिकॉर्डिंग से रोकने की कोशिश की, लेकिन जब कैमरा नहीं हटाया गया तो उनका पारा चढ़ गया।
https://x.com/policemedianews/status/2094841200289407203?s=20
वायरल क्लिप में डीएसपी मूंछों पर हाथ फेरते हुए अपना नाम अशोक कुमार सिंह बताते नजर आते हैं। वह अपने पिता का नाम बलबीर सिंह और मूल निवास आजमगढ़ बताते हुए वीडियो को अखिलेश यादव तक पहुंचाने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। उनके इस अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
जून में आए हैं मैनपुरी
अशोक सिंह मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले हैं। जून 2026 में पुलिस विभाग में हुए प्रशासनिक फेरबदल के दौरान उनका तबादला औरैया से मैनपुरी किया गया था। वर्तमान में वह मैनपुरी में डीएसपी के पद पर तैनात हैं। उधर, ट्रक पर गोली चलाने वाले हमलावरों की तलाश जारी है। पुलिस फायरिंग की वजह और वारदात में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। डीएसपी के वायरल वीडियो को लेकर फिलहाल पुलिस विभाग की ओर से किसी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।