बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शराब की दुकान के बाहर पुलिसकर्मियों के दो गुटों के बीच हुए विवाद ने पुलिस विभाग में खलबली मचा दी है। देर रात कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई और पथराव भी किया गया। इस दौरान एक सिपाही घायल हो गया, जबकि उसके साथी की लग्जरी कार को भी नुकसान पहुंचा। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए एक सिपाही को निलंबित कर दिया है, जबकि तीन अन्य के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है।
ये है मामला
जानकारी के मुताबिक, घटना 31 अगस्त की रात नवादा स्थित शहीद भगत सिंह चौक के पास शराब की दुकान के सामने हुई। बताया जा रहा है कि दुकान बंद होने के बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के दो गुटों में किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला गालीगलौज से मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से पथराव भी हुआ।
प्रसारित वीडियो में कुछ लोग आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना में यूपी-112 में तैनात सिपाही धीरेंद्र घायल हुआ। उसे बरेली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार दिलाया गया। वहीं, उसके साथ मौजूद दोस्त की लग्जरी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि दूसरे पक्ष में नौवीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद की डी कंपनी से न्यायालय सुरक्षा ड्यूटी में तैनात सिपाही विवेक वर्मा, रमन और लवली शामिल थे। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
सिपाही सस्पेंड
मामले में कार्रवाई करते हुए यूपी-112 के सिपाही धीरेंद्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं पीएसी के तीनों सिपाहियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है। घटना को लेकर स्थानीय पुलिस ने पहले जानकारी होने से इनकार किया था। शहीद भगत सिंह चौकी के कार्यवाहक प्रभारी रईस खां ने बताया था कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं मिली और चौकी से कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं गया। हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद उच्च अधिकारियों के स्तर से मामले में कार्रवाई शुरू की गई।