जन्माष्टमी के लिए सज रही सिद्धार्थनगर पुलिस लाइन, भव्य मंदिर और झांकियां बनेंगी आकर्षण

Share This

सिद्धार्थनगर। पुलिस लाइन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंचने लगी हैं। 4 सितंबर को होने वाले आयोजन के लिए परिसर को सजाने-संवारने का काम चल रहा है। पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी के साथ आयोजन की व्यवस्थाओं में भी जुटे हुए हैं। परिसर की सफाई के साथ दीवारों की रंगाई-पुताई कराई जा रही है।

पंडाल हो रहा तैयार

इस बार जन्माष्टमी कार्यक्रम के लिए पुलिस लाइन में करीब 60 बाई 120 फीट का विशाल पंडाल तैयार कराया जा रहा है। इसके सामने 20 बाई 15 फीट का मंदिर बनाया जा रहा है। मंदिर को आकर्षक रोशनी और सजावटी सामान से सजाया जाएगा। जन्माष्टमी की रात मंदिर और पंडाल की सजावट आयोजन की भव्यता बढ़ाएगी।

पुलिस लाइन में इस बार धार्मिक प्रसंगों पर आधारित झांकियां भी तैयार की जा रही हैं। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़े प्रसंगों के साथ यमुना नदी की झांकी को भी आकार दिया जा रहा है। झांकियों के जरिए श्रीकृष्ण जन्म और उनसे जुड़ी धार्मिक कथाओं को जीवंत रूप देने की तैयारी है। लड्डू गोपाल के लिए झूला भी तैयार किया जा रहा है।

काम हो गया शुरू

आयोजन स्थल पर बिजली की झालरों और रंगीन रोशनी लगाने का काम भी शुरू हो गया है। पुलिसकर्मियों की अलग-अलग टीमें पंडाल, मंदिर और झांकियों की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। अधिकारियों की निगरानी में व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन में होने वाला यह आयोजन पुलिस परिवार के साथ श्रद्धालुओं के लिए भी खास रहेगा। विशाल पंडाल, सजे मंदिर और धार्मिक झांकियां इस आयोजन को आकर्षक बनाने की तैयारी में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *